रांचीः कोकर में शुक्रवार को 30 वर्षीय मोकीम अंसारी नाम के व्यक्ति ने चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने घर के बाहर गली में खेल रही बच्ची को बिस्किट देने के बहाने अपने पास बुलाया। इसके बाद कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। बच्ची रोने लगी तो आरोपी ने उसे छोड़ दिया। बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को घटना बताई। इसके बाद बच्ची के माता-पिता थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी मोकीम अंसारी पीड़िता के घर के बगल में ही किराए का कमरा लेकर रहता है और राजमिस्त्री का काम करता है। पुलिस पूछताछ में उसने बच्ची के साथ घिनौनी हरकत करने की बात स्वीकार की है।
बच्ची को मेडिकल कराया, पुलिस ने जुटाए साक्ष्यः घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल कराया गया। मेडिकल के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी को सजा दिलाने के लिए घटना से जुड़े कई साक्ष्य भी जुटाए हैं। फिलहाल बच्ची डरी-सहमी हुई है और घटना के बारे में ज्यादा बात नहीं कर पा रही है। वह परिजनों के सामने भी अक्सर रोने लगती है। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए परिजन उससे घटना के संबंध में ज्यादा बातचीत नहीं कर रहे है।
तीन बच्चों का पिता है आरोपी
पुलिस पूछताछ में मोकीम ने बताया कि करीब 17 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी और तीन बच्चे फिलहाल बिहार के किशनगंज में रहते हैं। आरोपी के अनुसार, करीब छह साल पहले तक पत्नी और बच्चे रांची में उसके साथ रहते थे। कारोना के दौरान काम छूटने के बाद उसने पत्नी और बच्चों को वापस घर भेज दिया था। इसके बाद से वो रांची नहीं आए।







