हजारीबागः रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार शाम हजारीबाग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। चरही और बेस के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर के डाला की टक्कर से वंदे भारत के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद ट्रेन को करीब 40 मिनट तक मौके पर रोकना पड़ा।हालांकि, घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस रांची से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान चरही और बेस स्टेशन के बीच बिना फाटक के एक कच्चे रास्ते से अचानक ट्रैक्टर ट्रैक पर आ गया। इस कारण ट्रैक्टर की ट्राली से ट्रेन टकरा गई।
तेज रफ्तार ट्रेन की ट्रॉली से टक्कर होते ही यात्रियों ने झटका महसूस किया, जिससे उनमें हड़कंप मच गया। हालांकि, चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी। वहीं राहत की बात रही कि टक्कर के बावजूद ट्रेन के पहिए पटरी से नहीं उतरे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने ट्रैक और ट्रेन की जांच की। आवश्यक कार्रवाई के बाद करीब 40 मिनट की देरी के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

वंदे भारत ट्रेन के देर होने के कारण कोडरमा बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन को हजारीबाग टाउन स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक खड़ा रखा गया। वहीं, हजारीबाग टाउन स्टेशन से वंदे भारत प्रस्थान करने के बाद ही पैसेंजर ट्रेन को भी बरकाकाना की ओर रवाना किया गया।सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेलवे ट्रैक जैसे संवेदनशील क्षेत्र में ट्रैक्टर की ट्रॉली पहुंची कैसे। यदि टक्कर के कारण ट्रेन पटरी से उतर जाती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच घटना की जांच शुरू कर दी गई है।



