पलामूः शुक्रवार को पलामू पुलिस ने चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुख्यात गैंगस्टर प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और उसके साथी राकेश तिवारी के घर की पलामू पुलिस ने कुर्की की। पलामू पुलिस ने प्रदीप तिवारी और राकेश तिवारी के घर की खिड़की दरवाजों को उखाड़ दिया और घर के अंदर से कई सामानों को कुर्क किया है।
![]()
25 अप्रैल को हुआ था विनीत तिवारी का अपहरण
बता दें कि 25 अप्रैल को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के रेडमा इलाके से विनीत तिवारी का अपहरण हुआ था। 26 अप्रैल को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट के इलाके से विनीत तिवारी का शव बरामद हुआ था। विनीत तिवारी हत्याकांड में कुख्यात गैंगस्टर प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल उसके भाई दिलीप तिवारी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज हुई थी। हत्याकांड में रौशन तिवारी, राकेश तिवारी, प्रशांत तिवारी का नाम अनुसंधान में जुड़ा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलीप तिवारी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।


पुलिस ने चिपकाया था सभी आरोपियों के घर पर इश्तेहार
बाद में पलामू पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से प्रशांत तिवारी को गिरफ्तार किया था। बाद में रौशन तिवारी ने भी पलामू पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया था। पलामू पुलिस ने इससे पहले सभी आरोपियों के घर पर इश्तेहार चिपकाया था।






