रांचीः अशोक नगर निवासी डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गोली मारकर हत्या की धमकी देने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अरगोड़ा थाना में दर्ज सनसनीखेज मामले की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार दास उर्फ दीपक (46) को लोहरदगा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल का सिम भी बरामद किया है। आरोपी को गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
दीपक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की पूरी साजिश किसने रची थी, धमकी देने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना कैसे तैयार की गई थी। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है।
पहले मोबाइल धारक महिला तक पहुंची पुलिस
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रांची पुलिस की टीम सबसे पहले उस मोबाइल नंबर की धारक महिला तक पहुंची, जिससे डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा को लगातार फोन किए जा रहे थे। पुलिस ने लोहरदगा में छापेमारी कर महिला को पकड़ा और उससे पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि मोबाइल नंबर उसके नाम पर है, लेकिन उसका इस्तेमाल उसका पति दीपक कुमार उर्फ दीपक करता है। महिला से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन, सिम और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जमीन के बहाने डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना
जांच में पुलिस इस बिंदु पर भी ध्यान दे रही है कि जमीन संबंधी मामले के बहाने डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा को निशाना बनाने की योजना कैसे तैयार की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी की रकम तय करने से लेकर डॉक्टर को धमकी देने तक की योजना में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। अरगोड़ा थाना में दर्ज मामले की तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में रंगदारी मांगने की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकता है।







