रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) व झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की कई परीक्षाओं में स्वयं सफल होने वाला, अपने रिश्तेदारों व कई अभ्यर्थियों को सफल कराने वाला मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी सीआईडी की रिमांड पर है।
CID ने अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी व भाई अक्षय तिवारी को शनिवार को तीन दिनों की रिमांड पर लिया है। तीनों से जेएसएससी की सीजीएल परीक्षा में अनियमितता मामले में पूछताछ की जा रही है।
अभय तिवारी जेपीएससी की परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) का मार्केटिंग मैनेजर है।उसकी गिरफ्तारी जेपीएससी मेधा घोटाला मामले में जांच के क्रम में गोड्डा के पोड़ेयाहाट से हुई थी, जहां व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर कार्यरत था।
वहीं, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी व भाई अक्षय कुमार तिवारी की गिरफ्तारी जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में हुई थी। इस मामले में एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले की जांच के लिए एसटीएफ के आईजी अनूप बिरथरे के नेतृत्व में 17 सदस्यीय एसआइटी को लगाया गया है, जिसने अब तक 37 से अधिक संदिग्धों, आरोपितों का बयान ले लिया है।





