रांचीः बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब और मानसून सक्रिय होने से मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में भारी बारिश और वज्रपात का रेड अलर्ट जारी किया है। निचले इलाकों में रहले वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गयी है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी में जोरदार बारिश हो रही है। कई इलाकांें में बारिश की वजह से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
वहीं गढ़वा, पलामू व लातेहार में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, बोकारो, धनबाद, कोडरमा व गिरिडीह में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं 19 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा व गुमला में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में कहीं-कहीं बादल छाये रहेंगे और हल्की बारिश के बीच में धूप निकलने की संभावना अहै। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 अगस्त को कई जिलों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।






