रांचीः झारखंड पुलिस को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस बार केंद्र से एक राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और आठ सराहनीय सेवा पदक मिले हैं। सूचना के अनुसार स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड एवं सुधारात्मक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए पदकों की घोषणा की है, जिसमें झारखंड के कुल नौ पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया है। राज्य से एक अधिकारी को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक (पीएसएम) और आठ जवानों को सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) से नवाजा गया है।

ये पदक अगले साल 26 जनवरी या 15 अगस्त के मौके पर रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड में सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को दिए जाएंगे। झारखंड के खाते में इस बार एक भी वीरता पदक नहीं है। राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक पाने वाले आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा वर्तमान में बोकारो के जोनल आइजी हैं।


आईजी के अलावा राज्य के आठ पुलिसकर्मियों को सेवा पदक
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के अलावा राज्य के जिन आठ पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक मिला है, उनमें सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार राय, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल पूर्ण बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल नंद किशोर महतो, हवलदार योगेंद्र कुमार दास, कांस्टेबल औरंगजेब खान, कांस्टेबल संजय कुमार सिंह और महिला कांस्टेबल अनीता तिर्की शामिल हैं।बता दें कि इस वर्ष देशभर में कुल 301 वीरता पदक, 92 विशिष्ट सेवा पदक और 664 सराहनीय सेवा पदक की घोषणा की गई है।








