बिहार के 19 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट, पटना-गया में एक हफ्ते देरी से मानसून की एंट्री

Picture of Live Dainik

Live Dainik

June 23, 2026

आंधी-पानी का अलर्ट

पटनाः बिहार में भीषण गर्मी के बीच कुछ जिलों के मौसम का मिजाज बदला नजर आया। नालंदा, शेखपुरा, गोपालगंज, लखीसराय और बेतिया में आंधी-पानी की स्थिति बने होने के कारण लोगों को राहत मिली है। पटना सहित आसपास इलाकों में दिन भर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम में मौसम का तेवर बदलने के साथ पुरवा के कारण गर्मी से राहत मिली है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई।
मुजफ्फरपुर से आगे बढ़ा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मुजफ्फरपुर में बीते कुछ दिनों से ठहरा दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को पटना सहित गया, जमुई, शेखपुरा और नवादा में इसका प्रसार हुआ। अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के शेष जिलों में मानसून के प्रसार की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानक तिथि से पटना और गया में एक हफ्ते के देर से मानसून का प्रसार हुआ है। पटना और गया में मानसून के प्रसार की तिथि 15 जून है। दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के छपरा, बक्सर, औरंगाबाद, गोपालगंज, भोजपुर समेत अन्य जिलों में पहुंचने की संभावना है।
19 जिलों में बारिश की संभावना: मंगलवार को राज्य के 19 जिलों में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार के इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या मध्यम बारिश हो सकती है। पटना और गया समेत बाकी 19 जिलों के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।


मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट वाले जिले-
मिथिलांचल और आस-पास: सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली
सीमांचल और पूर्वी बिहार: किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा
अंग और अन्य क्षेत्र: खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर
मौसम विभाग की चेतावनी: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इन क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। IMD ने लोगों को वज्रपात के खतरों से आगाह करते हुए खुले में न जाने की सलाह दी है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम?: पटना की बात करें तो मंगलवार को दिनभर आसमान में हल्के बादल दिखेंगे, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। हवा में नमी का स्तर ऊंचा होने की वजह से लोगों को सामान्य से कहीं अधिक गर्मी का अहसास होगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

See also  पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर, कुख्यात मैनेजर राय को लगी गोली
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now