रांचीः झारखंड में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश के दौरान वज्रपात से 20 लोगों की मौत हो गई है। एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए है। सबसे ज्यादा 11 लोगों की मौत गिरिडीह जिले में हुई है। अधिकांश हादसे धान रोपनी, खेतों में काम करने, निर्माण स्थल पर काम करने या बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े रहने के दौरान हुई है।
सबसे बड़ा हादसा गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के देवपहाड़ी स्थित गोसाई आहर के पास हुआ। यहां पेड़ के नीचे मोबाइल पर गेम खेल रहे अर्जुन कुमार साव, विष्णुदेव साव, गजेंद्र साव, कुश कुमार तिवारी और उमेश यादव वज्रपात की चपेट में आ गए। अर्जुन, विष्णुदेव, गजेंद्र और कुश की मौत हो गई, जबकि उमेश गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में अर्जुन, विष्णुदेव और गजेंद्र चचेरे भाई थे। देवरी के तिलयडीह गांव में खेत में काम कर रहे 40 वर्षीय संतोष तिवारी की भी मौत हो गई, जबकि विक्रम तिवारी घायल हो गए। बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीह में कोनार नहर निर्माण स्थल पर बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े लातेहार निवासी मजदूर समीर गद की मौके पर मौत हो गई, जबकि महावीर बुरी तरह झुलस गया। खेतको पंचायत में धान रोपकर लौट रही खेमिया देवी भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलई गई। इसके अलावा गांडेय के ओझाडीह गांव में पप्पू हांसदा, गावां प्रखंड में पूनम देवी और नवाडीह ओपी क्षेत्र के बधैडीह गांव में आरती देवी की भी मौत हो गई। तीन चरवाहे झुलस गए हैं।
दुमका में तीन और लातेहार में दो की मौत
दुमका के रामगढ़ प्रखंड में आलतामुनी मरांडी, बाबूलाल हेम्ब्रम और रोहित कुंवर की मौत हो गई। आलतामुनी के पति और चार वर्षीय बेटे समेत छह से अधिक लोग झुलस गए। लातेहार में उपेंद्र उरांव, गढ़वा के रंका में कदरून खातून तथा पलामू के मोहम्मदगंज में पुष्पा देवी की भी वज्रपात से मौत हो गई। कई अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रांची सहित 10 जिलों में अगले चार दिन होगी भारी बारिश
बंगाल की खाड़ी में बने निम्म दवाब के क्षेत्र के असर से झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम, मध्य, दक्षिण और संथाल-परगना के जिलों में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को रांची समेत राज्य के नौ जिलों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 76 मिमी बारिश रांची के कांके में रिकार्ड की गई, जबकि रांची शहर में 35 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा लोहरदगा में 45 मिमी, सिमडेगा में 23 मिमी, बोकारो में 11 मिमी और डालटनगंज में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कहां कब बारिश का अलर्ट
5 अगस्तः रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर और जामताड़ा
6 अगस्तः रांची, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पलामू, गढ़वा और चतरा
7 अगस्तः सिमडेगा, जमशेदपुर, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, गढ़वा, पलामू और लातेहार
8 अगस्तः लोहरदगा, गुमला, लातेहार, पलामू और गढ़वा





