बांका: जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.26 लाख रिश्वत लेते अवकाश प्राप्त कनीय अभियंता ओमप्रकाश मंडल और कार्यालय के क्लर्क जागेश्वर मंडल को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।निगरानी की टीम दो वाहनों से जिला परिषद कार्यालय पहुंची और कार्रवाई शुरू करते ही मुख्य द्वार बंद करा दिया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कार्यालय से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।
छापामारी के समय जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव सहित कई अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में मौजूद थे। निगरानी अधिकारियों ने दोनों को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा और परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पर एक कार्य के एवज में 1.26 लाख रिश्वत लेने का आरोप है। निगरानी टीम आरोपितों से पूछताछ कर रही है।






