डेस्कः बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 3 बजे पैसेंजर ट्रेन नंबर 63344 (समस्तीपुर-सहरसा) के इंजन और उससे जुड़े कोच में आग लग गई। आग लगने के बाद स्टेशन पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। आग की लपट देखकर अन्य बोगियों में सवार यात्री कूदकर भागने लगे। देखते ही देखते आग की लपटें तीन बोगियों तक फैल गईं।आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठते ही स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
![]()
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
आग और धुएं की खबर मिलते ही ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने बिना देर किए ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। समय रहते सभी यात्री ट्रेन से बाहर निकल गए। इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।ट्रेन आग लगने की सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कवायद शुरू कर दी। करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुबह 6 बजे के बाद सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य हो सका। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद तकनीकी जांच की जाएगी, जिससे वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।







