जमशेदपुर: शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। डेली कलेक्शन कर घर लौट रहे बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी पर टाउन हॉल के समीप चार युवकों ने चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल करने के बाद बदमाश उनके पास मौजूद करीब ₹10 हजार लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल अभिषेक ने बताया कि वह मानगो क्षेत्र से डेली कलेक्शन कर लौट रहे थे। टाउन हॉल के पास वह एक मित्र से मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर चापड़ से हमला बोल दिया। लगातार वार से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उन्हें जबरन झाड़ियों की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े तो चारों आरोपी जान बचाकर भाग निकले। जाते-जाते वे डेली कलेक्शन की ₹10 हजार की रकम भी साथ ले गए।
जमशेदपुर: डेली कलेक्शन एजेंट पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार, ₹10 हजार लूटकर फरार हुए चार हमलावर pic.twitter.com/acOljYAxW3
— Live Dainik (@Live_Dainik) July 13, 2026
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


