रांचीः खुफिया तंत्रों से मिले इनपुट के आधार पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आईएसआई आतंकी संगठन और गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से संबंधित मामले में झारखंड पुलिस और पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत पश्चिम बंगाल के पूर्वी वर्द्धमान नवाबाट से हमीर उर्फ हमीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद उसकी कथित महिला संपर्क अर्पिता सरकार को साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वालखोर से गिरफ्तार किया गया है।
अर्पिता सरकार बरहरवा स्थित बीएसके काॅलेज में इंग्लिश आॅनर्स सेमेस्टर-छह की छात्रा है। पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने झारखंड पुलिस की सहायता से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान ले जाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद 15 दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, हमीर उर्फ हमीम मंडल पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद, आईएएस और गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े लोगों के संपर्क में था। आरोप है कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों से संबंधित जानकारी पहुंचा रहा था। अर्पिता सरकार पिछले चार वर्षो से हमीर मंडल के संपर्क में थी। दोनों के बीच व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क हुआ था। जांच एजेंसिया डिटिल बातचीत और अन्य इलेक्ट्राॅनिक साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं। जांच के दौरान अर्पिता के मोबाइल से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और आरएसएस पदाधिकारियों से संबंधित आने-जाने और जानकारी सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात कही गयी है। एसटीएफ को हमीर मंडल के कथित बांग्लादेशी होने पर भी शक है। जांच एजेंसियां उसके पहचान और संपर्क की विस्तृत जांच कर रही है।मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने इसे अत्यंत संवेदनशील बताते हुए इस पर विस्तार से बात करने से इनकार कर दिया है।






