बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ में VIP दर्शन बंद, पूरे श्रावण माह लागू रहेगी व्यवस्था

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 30, 2026

बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ में VIP दर्शन बंद, पूरे श्रावण माह लागू रहेगी व्यवस्था

डेस्कः इस साल खास लोगों को भी श्रावणी मेले के दौरान आम श्रद्धालु की तरह बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करनी होगी। राज्य सरकार ने इस बार वीआईपी दर्शन बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ में बंद कर दी है। इसको लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव व गृह सचिव वंदना डाडेल ने पत्र जारी कर दिया है। सरकार ने सभी श्रद्धालुओं के लिए एक समान व्यवस्था लागू कर दी है। श्रावणी मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए ये व्यवस्था की गई है। पिछले साल करीब 53 लाख श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया था और इस साल 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में अर्घा सिस्टम लागू किया गया है, ताकि जलार्पण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
एसीएस वंदना दादेल ने जारी किया है पत्र
झारखंड सरकार के कैबिनेट सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और श्रावण माह में यहां लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं। अधिकांश श्रद्धालु देवघर के साथ-साथ दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ मंदिर भी दर्शन के लिए जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने श्रावणी मेले के दौरान VIP दर्शन या आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है।
अनुशंसा या अनुरोध नहीं भेजने का आग्रह
पत्र में सभी संबंधित अधिकारियों और संस्थानों से अनुरोध किया गया है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर, देवघर और बाबा बासुकीनाथ मंदिर, दुमका में VIP या आउट ऑफ टर्न दर्शन की व्यवस्था कराने के लिए किसी भी प्रकार की अनुशंसा या अनुरोध राज्य सरकार अथवा जिला प्रशासन को न भेजा जाए। यह पत्र भारत सरकार के कैबिनेट सचिव, सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव/प्रशासक, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल और देश के सभी हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भेजा गया है, ताकि श्रावणी मेले के दौरान VIP सिफारिशों पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जा सके और आम श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से बाबा के दर्शन का अवसर मिल सके।

See also  जयमाला के बाद दुल्हन ने दूल्हे को खिलाया रसगुल्ला, हाथ धोने के बहाने प्रेमी के साथ हो गई फरार

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now