रांची:मांडर थाना क्षेत्र में गुरुवार को संत जेवियर्स स्कूल मिशन के बाहर दिनदहाड़े आठवीं कक्षा के छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। मलती गांव निवासी प्रवीण साहू पर उसी गांव के सुमित उरांव उर्फ डांस ने स्कूल की छुट्टी के बाद करीब 20 बार चाकू से वार किए। जिसे इलाज के लिए कांस्टेंट लेवल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी सुमित उरांव खुद मांडर थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया।आरोपी ने घायल छात्र पर आरोप लगाया कि वो उसकी लीव-इन-पार्टनर को परेशान करता था।
डेढ़ घंटे चला ऑपरेशन, दोनों फेफड़े हो गए थे क्षतिग्रस्त अस्पताल में सर्जन डॉ. जेआर. कृष्णन और उनकी टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन कर शरीर में धंसे चाकू को निकाला। चिकित्सकों के अनुसार दोनों फेफड़े पिचक गए थे, जो जानलेवा स्थिति थी। समय रहते ऑपरेशन कर छात्र की जान बचाने का प्रयास किया गया।
पहले भी हुआ था विवाद, पुलिस जांच में जुटी घायल छात्र के परिजनों के अनुसार, सुमित पहले भी प्रवीण के साथ मारपीट कर चुका था। दोनों मलती गांव के ही निवासी हैं और उनके घर आसपास हैं। सुमित पहले संत जेवियर्स स्कूल का छात्र रह चुका है। घटना की सूचना पर खलारी डीएसपी आरएन. चौधरी, इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा और थाना प्रभारी मनोज करमाली मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले की वास्तविक वजह और दोनों के बीच पुराने विवाद की जांच कर रही है।


