पटनाः बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का सोमवार को 45वां जन्मदिन है। इस मौके पर उन्होंने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। हर वर्ष की तरह इस बार भी पिता-पुत्र ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा की और रुद्राभिषेक कराया। पूजा के दौरान नीतीश कुमार बैठे रहे।
सुबह से ही महावीर मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ ने निशांत कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का जन्मदिन
पिता नीतीश कुमार के साथ पटना के महावीर मंदिर पहुंचे
महावीर मंदिर में निशांत कुमार ने पूजा-अर्चना की #Patna #Nishantkumar pic.twitter.com/h5Tu0nMHq8— Live Dainik (@Live_Dainik) July 20, 2026
पूजा के बाद दोनों वहां से रवाना हो गए। मंदिर परिसर में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि वह भगवान का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा, भगवान की कृपा हम पर, पिताजी पर, पूरे बिहार और देशवासियों पर बनी रहे।
जन्मदिन के साथ विधानसभा में भी अहम दिन
सोमवार का दिन निशांत कुमार के लिए केवल जन्मदिन ही नहीं, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी दिन बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू हो रहा है।

निशांत कुमार की जन्मतिथि पर कंट्रोवर्सी
पहले कई जगहों पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की जन्मतिथि 20 जुलाई 1975 बताई जा रही थी, जिसके आधार पर उनकी उम्र 51 वर्ष बताई जा रही थी।हालांकि, 14 मार्च को एक का पोस्ट कर के बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने स्पष्ट किया था कि निशांत कुमार की सही जन्मतिथि 20 जुलाई 1981 है। इस हिसाब से 20 जुलाई 2026 को यानी आज निशांत कुमार ने अपना 45वां जन्मदिन मनाया है।



