नालंदा: पुलिस वाहन से बाइक की टक्कर होने से मारा गया बाइक सवार महथवर बलबा निवासी 23 वर्षीय प्रद्युम्न कुमार का पार्थिव शरीर रख जीडीएम कॉलेज के पास एनएच -20 (बख्तियार पुर – बिहारशरीफ रोड) को जाम कर आगजनी और पथराव किया। बुधवार शाम सात बजे से लोग सड़क जाम के लिए एकत्र होने लगे और रात नौ बजे से बवाल शुरू हुआ जो लगभग 11 बजे तक चला। रूपसपुर गांव स्थित जीडीएम कॉलेज के पास NH-20 पर शव रखकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र आंदोलन में बदल गया।
![]()
प्रदर्शन के दौरान पथराव : लगभग तीन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों पर ईंट, पत्थर से हमला शुरू कर दिया। जिससे कई निजी एवं पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जाम में फंसे यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। पथराव की चपेट में आने से एक महिला बेहोश हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
कई पुलिसकर्मी पथराव में जख्मी : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस के गोले भी छोड़े। घटनास्थल पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पथराव के दौरान पुलिसकर्मियों को भी चोटें आने की सूचना है। घटना के संबंध में सदर डीएसपी 2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद समझाबुझाकर जाम हटा दिया गया था।
दोबारा ग्रामीणों ने किया था प्रदर्शन : शाम को परिजन व ग्रामीणों ने दोषी पुलिस कर्मियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग को लेकर दोबारा उस वक्त पथराव किया जब शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा था। गांव वालों ने सड़क जामकर हंगामा शुरू कर पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।

प्रद्युम्न कुमार की गर्दन पर पैर रखे हुए पुलिस की फोटो वायरल
जाम में फंसे वाहनों पर आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर ईंट, पत्थर, कंकड़ों से प्रहार किया। इस दौरान हरनौत ,वेना,चेरो, कल्याबिगहा, भागनबिगहा,गोखुलपुर थाने की पुलिस टीम सहित पुलिस लाईन से 150 के आसपास पुलिस बल उपस्थित थे। एसडीपीओ, एसडीएम, बीडीओ और सीओ भी उपस्थित थीं। दावा किया जा रहा है कि स्वजन इसलिए अधिक आक्रोशित हो गए क्योंकि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक तस्वीर में दिखाया जा रहा है कि कोई पुलिस वाला जख्मी प्रद्युम्न कुमार की गर्दन पर पैर रखे हुए हैं। पुलिस ने इस तस्वीर को फर्जी बताया है। तस्वीर पर गौर करने पर भी यह फर्जी और बनावटी प्रतीत होता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कानून तोड़ने वाले बदमाशों की पहचान की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
12-15 राउंड हवाई फायरिंग
तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। कंकड़, पत्थर,ईंट आदि से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस बल को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस का गोला छोड़ा गया। 12-15 राउंड हवाई फायरिंग की भी बात कही जा रही है। लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। नालंदा पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि उपद्रवियों ने पुलिस बल पर ईंट, पत्थर आदि से हमला किया।अग्नि शमन की टीम ने सड़क पर जलाई गई टायर की आग को बुझाई। इसके बाद आवागमन सुचारु हुआ।


