रांची: राजधानी रांची के मोराबादी क्षेत्र में पुलिस की वाहन जांच के दौरान एक थार चालक की दबंगई सामने आई। जानकारी के अनुसार, पार्क प्राइम के पास पुलिस चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक थार वाहन को रुकने का संकेत दिया। वाहन का अगला शीशा पूरी तरह टूटा हुआ था, जिससे पुलिस ने जांच के लिए उसे रोकना चाहा।
बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने लालपुर थाना में पदस्थ वाहन चालक राजेश यादव को टक्कर मारते हुए उनके ऊपर ही वाहन चढ़ा दिया। हादसे में राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
![]()
घटना के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन व चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि थार चालक की पहचान हो गई है उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मोरहाबादी मैदान में चारों तरफ कई शराब की दुकानें खोल दी गई हैं. कई लोग अपने वाहन में ही बैठ कर शराब पीते हैं और फिर रैश ड्राइव करते हैं, इसी वजह से मैदान के करीब अक्सर हादसे सामने आते रहते हैं.


