पटना: राजधानी के राजेन्द्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग काम्प्लेक्स में रविवार तड़के करीब 4:30 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिकल रूम में शाॅर्ट सर्किट होने से आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। करीब 15 दमकल गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाया जा सका। नुकसान का आकलन रेलवे के अधिकारी कर रहे हैं।
मोबिल के संपर्क में आने से तेजी से भड़की आग
बताया जाता है कि आग लगने के बाद लपटें वहां रखे जले हुए मोबिल (वेस्ट आयल) तक पहुंच गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।आग की लपटों ने कोचिंग काम्प्लेक्स में खड़ी एक रेलवे क्रेन को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में क्रेन पूरी तरह जल गई।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ तथा स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियों को बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास खड़े अन्य रेलवे उपकरण और कोच भी इसकी चपेट में आ सकते थे।घटना के बाद पूरे कोचिंग काम्प्लेक्स में तकनीकी कार्य प्रभावित हो गया है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित हिस्से में सभी कार्य रोक दिए हैं।
कोचों के रखरखाव व मरम्मत कार्य ठप
इसके कारण कोचों के रखरखाव और मरम्मत से जुड़े कार्य फिलहाल ठप हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इलेक्ट्रिकल रूम में शाॅर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।आग से इलेक्ट्रिकल उपकरणों, केबल, क्रेन तथा अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सही मूल्यांकन किया जा रहा है।रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इलेक्ट्रिकल सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


