डेस्कः अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब खुली सैन्य जंग का रूप ले चुका है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस हफ्ते ईरान पर तीसरे दौर के हमलों की पुष्टि की है। दूसरी तरफ ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज स्ट्रेट को अस्थायी रूप से बंद करने का ऐलान किया है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक बंदर अब्बास, सिरिक, चाबहार, बंदर-ए-देयर और असालुयेह समेत कई तटीय शहरों में धमाके हुए हैं। इसी बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की मौत का बदला लेने का संकल्प दोहराया है।
होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल सप्लाई, समुद्री व्यापार और पूरे मिडिल ईस्ट की सुरक्षा पर पड़ सकता है। अमेरिका, ईरान, इजरायल और खाड़ी देशों से जुड़ी हर बड़ी अपडेट आपको इस लाइव ब्लॉग में लगातार मिलती रहेगी। ईरान ने कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन पर हमले किए हैं। ये हमले अमेरिका हमले के जवाब में किए गए हैं। इससे पहले अमेरिका ने ईरान के बुशहर, बंदर अब्बास, सिरिक और चाबहार में हमले किए थे। अमेरिका और ईरान के हमलों के ताजा दौर होर्मुज में हमले को लेकर है। ईरान की आईआरजीसी ने होर्मुज को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है।ईरान का ये हमला सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे और सुपुर्द-ए-खाक की रस्म के बाद की जा रही है। बीते दिन ईरान के मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि वह अमेरिका से खून का बदला लेंगे।
लेटेस्ट अटैक में ईरान के 140 सैन्य ठिकानों पर US ने किए हमले
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि इस हफ्ते ईरान पर तीसरे दौर के हमले पूरे कर लिए गए हैं। CENTCOM के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट में साइप्रस के झंडे वाले जहाज पर हुए हमले के जवाब में यह कार्रवाई की गई। अमेरिका का दावा है कि इस बार करीब 140 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें मिसाइल और ड्रोन साइट, नौसैनिक ठिकाने, गोला-बारूद भंडार, संचार नेटवर्क और तटीय निगरानी केंद्र शामिल हैं।
CENTCOM ने यह भी कहा कि पिछले तीन दिनों में ईरान के 300 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं, ताकि होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों पर हमले की उसकी क्षमता को कमजोर किया जा सके। अमेरिकी सेना का यह भी दावा है कि मई की शुरुआत से अब तक उसने 800 से ज्यादा व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित तरीके से होर्मुज स्ट्रेट पार कराने में मदद की है, जिनमें करीब 40 करोड़ बैरल तेल ले जा रहे जहाज भी शामिल थे।
ईरान ने जहाज पर अटैक किया, जवाब में अमेरिका उसपर टूट पड़ा
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने ट्वीट में कहा कि एक जहाज ने समुद्री मार्ग का पालन नहीं किया। साथ ही अपने नेविगेशन सिस्टम भी बंद कर दिए। कई बार चेतावनी देने के बाद भी जहाज की तरफ से रास्ता नहीं बदला गया। ऐसे में उसे निशाना बनाया गया। इसके साथ ही ट्वीट में ईरान ने अगले आदेश तक होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का आदेश दे दिया है।
Iran’s IRGC Navy: “As we stated earlier — any foreign interference or illegal determination of shipping routes in the Strait of Hormuz will be met with a decisive response and will disrupt the normalization of traffic in the strait.” 🇮🇷⚓️ pic.twitter.com/F5g2S4Zq1S
— IRGC (@IRGC_Press) July 11, 2026
ईरान के इस ऐलान पर अमेरिका उस पर टूट पड़ा। US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने X में एक पोस्ट में कहा कि हमारी सेनाओं ने इस हफ्ते ईरान के खिलाफ हमलों का तीसरा दौर शुरू किया। यह कार्रवाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की सेनाओं द्वारा M/V GFS गैलेक्सी जहाज पर खुलेआम हमले के बाद की गई। यह साइप्रस के झंडे वाला कंटेनर जहाज था जो होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था। हमले से जहाज में भीषण आग लग गई है। इंजन को नुकसान पहुंचा है। चालक दल का एक सदस्य लापता है।
अमेरिका ने ईरान 7 शहरों पर अटैक किया
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने बहरीन बेस से मिसाइलें दागी और 12 ठिकाने तबाह कर दिया। चाबहार, बुशहर, बंदर अब्बास और सिरिक में कई धमाके हुए हैं। अमेरिका ने ईरान के सात शहरों पर अटैक किया है।होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने का ईरान को अमेरिका ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। जवाब में ईरान ने कहा जब तक पश्चिम एशिया पर अमेरिका का दखल खत्म नहीं होता, तब होर्मुज स्ट्रेट पर जहाजों की आवाजाही सामान्य नहीं हो पाएगी।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने का ऐलान
इससे पहले रविवार को IRGC ने दावा किया था कि एक जहाज ने ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर बिना अनुमति तय मार्ग से गुजरने की कोशिश की और चेतावनी के बावजूद रास्ता नहीं बदला। इसके बाद उस पर चेतावनी स्वरूप फायरिंग की गई। ईरान ने इसके साथ ही अगले आदेश तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सभी समुद्री यातायात के लिए बंद करने की घोषणा कर दी। ईरान ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने इस घटना को आधार बनाकर फिर हमला किया तो क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमलों के बाद ईरान ने अमेरिका के साथ गुप्त बातचीत में माना कि उससे गलती हुई। अब तेहरान बातचीत जारी रखना चाहता है, जबकि अमेरिका ने साफ कर दिया है कि अगर हमले दोबारा हुए तो जवाब और भी सख्त होगा।


