पटना: बिहटा थाना क्षेत्र में राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का शव मिलने के बाद जोरदार हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिहटा-बिक्रम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का संदिग्ध स्थिति में शव राघोपुर गांव के तरवां बोरिंग के पास मिला। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।मामले की गहन जांच के लिए पटना FSL टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस फिलहाल यह पता लगा रही है कि यह हत्या है या कोई अन्य कारण है।

पूर्व मुखिया पर कई आपराधिक मामले: संजय कुमार यादव पर आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वे लंबे समय से कई मामलों में फरार चल रहे थे। शव मिलने के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।
परिजनों का हत्या का आरोप: मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को खेत के बोरिंग के पास फेंक दिया। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम: शव मिलने की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों ने बिक्रम-बिहटा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रयासरत है।

क्या कहती है पुलिस?: बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि “घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है और मामले की जांच कर रही है, साथ ही पटना FSL टीम को सूचना दे दी गई है। हत्या है या और कुछ इसकी जांच की जा रही है। संजय कुमार यादव ऊपर आर्म एक्ट एवं अन्य कई अपराधिक मामले दर्ज थे और कई मामलों में फरार भी चल रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।”


