रांचीः राजधानी रांची के दशम फॉल इलाके में सड़क पर युवतियों के साथ सरेआम गुंडागर्दी देखने को मिली। जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन युवतियों की कार का स्कार्पियो सवार दो युवकों ने पीछा किया, फिर रास्ता रोक कर कार में तोड़फोड़ की। उन दानों ने चालक पर भी हमला किया। मुसीबत में पड़ी युवतियां जब चीखने-चिल्लाने लगी तो लोग जुटने लगे, फिर आरोपी वहां से भाग निकले और कई अनहोनी होने से बच गयी।
सूर्य मंदिर के पास टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़ित एक युवती के अनुसार, वे मंगलवार सुबह अपनी बहन, सहेली और चालक रणवीर सिंह के साथ कार से हजारीबाग जा रही थीं।बुंडू में नाश्ता करने के बाद वे सूर्य मंदिर घूमने पहुंचीं। वहां से दोपहर करीब 12:27 बजे एनएच पर निकलते ही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच-01-जीएच-4141) ने उनकी कार को टक्कर मार दी। युवतियों का कहना है कि गलती स्कॉर्पियो चालक की थी, लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय दोनों युवक अभद्रता करने लगे। जब चालक रणवीर सिंह ने केवल सावधानी से गाड़ी चलाने की बात कही तो एक युवक गुस्से में उनकी ओर बढ़ने लगा। स्थिति बिगड़ती देख युवतियां वहां से निकल गईं।
कई किलोमीटर तक किया पीछा
युवतियों के मुताबिक, इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवक लगातार उनकी कार का पीछा करने लगे। जान बचाने के लिए चालक ने कार को रिवर्स कर गलत दिशा में भी मोड़ा, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते रहे। पीड़ितों ने दोपहर 12:33 बजे डायल-100 पर कॉल कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और स्कॉर्पियो का नंबर भी बताया। उनके अनुसार कंट्रोल रूम से 12:38 बजे रांची पुलिस को सूचना भेज दी गई थी, लेकिन तब तक कोई पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची।
पत्थर मारकर तोड़ा कार का शीशा
करीब 12:48 बजे दशम फॉल क्षेत्र के पास आरोपियों ने उनकी कार को रोक लिया। दोनों युवक चालक की ओर का दरवाजा खुलवाने लगे। जब चालक ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने पत्थर मारकर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया।कांच लगने से चालक रणवीर सिंह घायल हो गए। युवतियों ने बताया कि वे लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं मिली। बाद में जब आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पहुंची पुलिस
पीड़ित युवतियों का कहना है कि घटना के बाद दोपहर 12:58 बजे दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद वे थाना पहुंचीं, जहां देर शाम तक कार्रवाई चलती रही। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और आरोपियों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया।
‘आज हमारे साथ जो हुआ, उसने अंदर तक डरा दिया’
घटना के बाद पीड़ित युवतियों ने कहा, ‘आज हमारे साथ जो हुआ, उसने अंदर तक डरा दिया। हम लगातार पुलिस को फोन करते रहे, लेकिन घटना होने से पहले कोई नहीं पहुंचा। दिनदहाड़े परिवार के साथ इस तरह हमला होना बेहद भयावह है। ऐसे लोग इंसान नहीं, हैवान हैं।’
हाइवे पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सूर्य मंदिर से दशम फॉल तक हाइवे पेट्रोलिंग और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कहीं भी पुलिस की गश्ती टीम नजर नहीं आई। लोगों का कहना है कि डायल-100 या डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद निर्धारित समय में पुलिस को मौके पर पहुंचना चाहिए था।
ग्रामीण एसपी ने क्या कहा
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट बाद दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र अंदरूनी होने के कारण पहुंचने में कुछ समय लगा। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


