रांची: झारखंड के पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह को रेरा (झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकार) का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सेवानिवृत्त न्यायाधीश नलिन कुमार सदस्य नियुक्त किया गया है और राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद नगर विकास विभाग ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। शीघ्र ही दोनों लोग अपना-अपना प्रभार ग्रहण करेंगे।
रियल स्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (आरईआरए, रेरा) में अध्यक्ष और सदस्य के नामों पर चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर मुहर लगाई गई है। दोनों लोगों की नियुक्तियां केंद्रीय अधिनियम ‘भू-संपदा (विनियमन और विकास) अधिनियम, 2016′ की धारा-20 एवं धारा-22 में निहित प्रविधानों के आलोक में की गई हैं।
राज्य सरकार को इसके पूर्व झारखंड भू-संपदा (विनियमन और विकास) नियमावली, 2017’ के नियम-19 के तहत गठित उच्च स्तरीय चयन समिति से इन लोगों के नामों पर अनुशंसा प्राप्त हुई थी।शीघ्र ही इस प्राधिकार के अन्य सदस्यों के नामों की घोषणा हो सकती है।
खरीदारों और बिल्डरों के बीच के विवाद का होता है निपटारा
झारखंड -रेरा एक ऐसा वैधानिक प्राधिकरण है जहां राज्य के तमाम रियल इस्टेट और भवन परियोजनाओं का कानूनी तौर पर पंजीकरण किया जाता है। इसके अलावा फ्लैट के घर खरीदारों और प्रमोटर्स के साथ-साथ बिल्डर्स के बीच पारदर्शिता लाना और उनके हितों को सुरक्षित रखना भी इस प्राधिकार का मुख्य काम है।रियल इस्टेट से जुड़े विवादों और शिकायतों का त्वरित एवं कानूनी समाधान करना भी इसी प्राधिकार की जिम्मेदारी है। प्राधिकार में लंबे समय से शीर्ष पद रिक्त होने के कारण कई काम प्रभावित हो रहे थे।अब नए अध्यक्ष और सदस्य के पदभार संभालने के बाद झारेरा के कामकाज में तेजी आने और लंबित पड़े सैकड़ों मामलों के जल्द निष्पादन की उम्मीद जताई जा रही है।


