बिहार के बांका में डबल मर्डर, शराब पीकर लौट रहे दो युवकों को अपराधियों ने गोलियों से भूना, मौके पर मौत

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 5, 2026

बिहार के बांका में डबल मर्डर, शराब पीकर लौट रहे दो युवकों को अपराधियों ने गोलियों से भूना, मौके पर मौत

डेस्कः बिहार के बांका जिला अंतर्गत अमरपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां रतनपुर मकद्दुमा पंचायत के बलिया संथाली टोला के समीप घात लगाए बैठे अपराधियों ने बाइक सवार दो युवकों की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया है।
शराब पीकर लौटने के दौरान हुआ हमला
मृतकों की पहचान अमरपुर थाने के ही गरीबपुर पंचायत अंतर्गत धर्मराय गांव निवासी गुंजन सिंह (30) एवं सिट्टू सिंह (32) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने कुछ अन्य साथियों के साथ बलिया संथाली टोला की तरफ गए थे और वहां से शराब पीकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से ही हथियारबंद होकर घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
मौके पर ही दम तोड़ा, एक साथी घायल
अपराधियों द्वारा की गई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में दोनों युवकों को कई गोलियां लगीं, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस जानलेवा हमले के दौरान उनके साथ मौजूद सचिन सिंह नामक एक अन्य युवक को भी गोली लगी है। वह गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, लेकिन घायल अवस्था में ही वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा।
एसपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे
सरेराह डबल मर्डर की इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही बांका के एसपी अमितेश कुमार, अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर मामले की गहन जांच-पड़ताल और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक जख्मी साथी की तलाश में जुटी पुलिस
अपराधियों को दोनों युवकों के आने-जाने की सटीक लोकेशन पहले से पता थी, जिसके लिए वे सड़क किनारे ही छिपे हुए थे।गोलीबारी की जद में आया तीसरा साथी सचिन सिंह कहां है और किस अस्पताल में इलाज करा रहा है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
साक्ष्य जुटाकर जल्द खुलासे का दावा
एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर अमरपुर पुलिस अपराधियों के संभावित ठिकानों और गांव के संदिग्धों के घरों पर छापेमारी कर रही है।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या शराब के धंधे से जुड़ा कोई विवाद तो नहीं है।

See also  धनबाद में हनीट्रैप में फंसाकर ठगी का मामला आया सामने, व्यवसायी का युवती के साथ बनाया आपत्तिजनक वीडियो, लाखों रुपए वसूले
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now