रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रम विभाग एवं राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष द्वारा झारखण्ड के सभी 42 श्रमिकों की सुरक्षित झारखण्ड वापसी सुनिश्चित कर ली गई है। सभी श्रमिक झारखण्ड के लिए रवाना हो चुके हैं।सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रशासन ने तमिलनाडु सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की है।ध्यान रहे कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट फऐसिलिटी में 21 जून को अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था। उसके बाद हेमंत सोरेन ने इस मामले में संज्ञान लिया और मजदूरों की सकुशल वापसी के लिए निर्देश दिए थे।
हेमंत सोरेन ने मामले में लिया था संज्ञान
हेमंत सोरेन ने अधिकारियों और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष को स्पष्ट आदेश दिया था। प्रभावित झारखण्ड के सभी प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित और सकुशल गृह वापसी के लिए तत्काल हर संभव कदम उठाने की बात कही थी। सीएम के निर्देश के बाद विभाग के सचिव ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे तथा अस्पताल प्रशासन के साथ चौबीसों घंटे संपर्क बनाकर अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रम विभाग एवं राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष द्वारा झारखण्ड के सभी 42 श्रमिकों की सुरक्षित झारखण्ड वापसी सुनिश्चित कर ली गई है। सभी श्रमिक झारखण्ड के लिए रवाना हो चुके हैं।@migrantcell_JH https://t.co/AZhKXqx0IK pic.twitter.com/ycgmsvZZQb
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) June 30, 2026
सभी 42 प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित ट्रेन से रवानगी
इस औद्योगिक हादसे में झारखण्ड के कुल 42 प्रवासी श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। जिन्होंने अपने गृह राज्य लौटने की इच्छा व्यक्त की। झारखण्ड सरकार के विशेष अनुरोध और सतत समन्वय के बाद, रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेन अलप्पुझा–धनबाद एक्सप्रेस में झारखण्ड के श्रमिकों के लिए एक विशेष स्लीपर कोच स्वीकृत किया गया। मंगलवार को सभी 42 श्रमिक चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से सकुशल झारखण्ड के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। मजदूरों के लिए रेलवे की ओर से भोजन- पानी की भी व्यवस्था की गई है।
मृतक के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता
इस हादसे में धनबाद निवासी श्रमिक प्रीति देवी का उपचार के दौरान चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में निधन हो गया था। धनबाद निवासी मजदूर के परिजनों को तमिलनाडु सरकार की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि उपायुक्त के माध्यम से मृतक के परिवार तक पहुंचाई जाएगी। इसके अतिरिक्त धनबाद जिला प्रशासन ने शव को झारखंड लाने के लिए तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई है। वहीं, शव के धनबाद पहुंचने के बाद परिजनों को एक लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। धनबाद प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में #अमोनिया_गैस_रिसाव से प्रभावित धनबाद के 12 रेस्क्यू किए गए श्रमिकों को विशेष रेल बोगी से सुरक्षित धनबाद के लिए रवाना किया गया। हादसे में धनबाद निवासी सुश्री प्रीति देवी का निधन हो गया। मृतक सुश्री प्रीति देवी का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से रांची भेज दिया… pic.twitter.com/BKqk8ZQcGi
— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) June 30, 2026


