जमशेदपुरः बिष्टुपुर के डबल डाउन बार के बाहर शनिवार रात पुलिस वैन से खींचकर चाकू से गोदे गए करणी सेना नेता हिमांशु कुमार सिंह की सोमवार शाम को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में बार संचालक बीजेपी नेता नीरज कुमार सिंह समेत 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया है।टीएमएच में इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और बिष्टुपुर गोलचक्कर को जाम कर दिया। इस दौरान वहां से गुजरने की कोशिश करने वाले वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। हिमांशु सरायकेला करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष थे। चाकूबाजी में उनकी मौत ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की दो जीप और टाइगर मोबाइल के जवानों की मौजूदगी में जिलिंगगोड़ा के सात-आठ युवकों द्वारा दो युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किए जाने का सीसीटीवी फुटेंज भी वायरल हो गया है, जिसमें पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। घटना में घायल आदित्यपुर निवासी प्रत्युष आनंद का इलाज कोलकाता के अपोलोे अस्पताल में चल रहा है।इस मामले में एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।इस लापरवाही के तहत गश्ती दल के तीनों पुलिसकर्मी, जिनमें असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) रतन कुमार दास एवं राजेश कुमार रंजन और आरक्षी संख्या 913 मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। इसमें जो भी दोषी होगा उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छेड़खानी पर हुआ था विवाद
शनिवार रात करीब 11.30 बजे डीडी बार में कुछ युवक लड़कियों के साथ जबरन डांस करने का प्रयास और छेड़खानी कर रहे थे। इसे लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। हिमांशु और प्रत्युष बीच-बचाव करने गए थे। उस वक्त बाउंसरों ने मामला शांत करा दिया था। विवाद शांत होने के बाद जब प्रत्युष और हिमांशु घर जाने के लिए पार्किंग से अपनी बाइक निकाल रहे थे। प्रत्युष बुलेट पर बैठे थे। तभी 8-10 की संख्या में युवकों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से वार किया।
भाजपा नेता समेत 10 नामजद, दो आरोपी गिरफ्तार
इस सनसनीखेज मामले में बिष्टुपुर थाना पुलिस ने आदित्यपुर हरिओम नगर निवासी अरविंद सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है।पुलिस ने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके भाजपा नेता सह बार संचालक नीरज सिंह और सह-संचालक विजय कुमार सहित 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोग भी मामले में आरोपी हैं।
प्राथमिकी में नामजद आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
नीरज सिंह (संचालक, भाजपा नेता)
विजय कुमार (सह-संचालक)
सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल (निवासी: धातकीडीह)
विश्वनाथ मंडल (निवासी: धातकीडीह)
राहुल (निवासी: धातकीडीह)
राज लोहार (निवासी: धातकीडीह)
अमित लोहार (निवासी: धातकीडीह)
अर्जुन लोहार (निवासी: धातकीडीह)
गणेश लोहार (निवासी: धातकीडीह)
लखन मार्डी (निवासी: घाघीडीह)
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के दौरान चापड़ चलाने के मुख्य आरोपी सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया गया है। हालांकि, बार संचालक नीरज सिंह और विजय कुमार समेत अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया
इस घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर पुलिस के वाहन (PCR) से युवकों को जबरन बाहर खींच रहे हैं और उन पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर रहे हैं।


