पलामूः जिले के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो चुकी है। शनिवार देर रात रिम्स में इलाज के दौरान कुलदीप महतो की बहू 28 वर्षीय श्वेता देवी की भी मौत हो गयी। श्वेता देवी परिवार की चौथी सदस्य थी, जिसकी मौत हुई है। पिछले 10 दिनों में चार सदस्यों की मौत के बाद दो अन्य का रिम्स में इलाज जारी है। रिम्स में क्रिटिकल केयर के डॉक्टरों का कहना है कि मरीज को वेंटिलेंटर पर रखकर इलाज किया जा रहा है। लक्षण के आधार पर एपिडेमिक ड्रॉप्सी (दूषित सरसों तेल के सेवन से होने वाली बीमारी) की आशंका है, लेकिन जांच रिपोर्ट के आये बिना कुछ कहा नहीं जा सकता है। मरीज की स्थिति गंभीर है। रिम्स प्रबंधन ने मृतक श्वेता का पोस्टमार्टम करने का फैसला किया है। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जायेगी।
गांव के लोगों ने बताया कि प्रभावित परिवार ओझा-गुनी पर विश्वास करता था। छह माह पहले परिवार के लोग एक सदस्य के बीमार पड़ने पर ओड़ा के पास गये थे। वहां उसने भभूत दिया और कहा कि इसे खाने पर बीमारी ठीक हो जायेगी। इसके बाद उक्त परिवार के सदस्य बीमार होने पर घर में उपलब्ध सरसों तेल में भभूत मिलाकर खाते थे। कुलदीप महतो ने कुछ दिन पहले ही मिल में सरसों का तेल पेरवाया था।
लाखो और नकुल रिम्स में भर्ती
परिवार के मुखिया कुलदीप महतो की 19 जून, बेटी बबीता कुमार की 20 जून और नाबालिग बेटी इंदु कुमारी की 26 जून को मौत हो चुकी है। परिवार के बाकी दो गंभीर मरीजों मृतक कुलदीप महतो की पत्नी लाखो उर्फ लाखी देवी और 20 वर्षीय बेटा नकुल महतो को शनिवार देर शाम रिम्स पहुंचाया गया। पहले हुई दो मौतों के बाद एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने पर भी अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। इससे स्थानीय चिकित्सक बीमारी का स्पष्ट पता नहीं लगा पाये। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में फॉरेंसिक जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। यही कारण है कि मृत्यु के सटीक कारणों स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर श्रवण कुमार मेहता ने बताया कि काफी प्रयास के बाद पीड़ितों को रिम्स भिजवाया गया है। परिवार अस्पताल में इलाज कराने से कतरा रहा था।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर पहुंचे रिम्स
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर रविवार को पीड़ितों का हालचाल जानने रिम्स पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के परिजन से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बार रिम्स निदेशक से बातचीत की। वित्त मंत्री ने मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बीमारी के कारणों का सही पड़ताल की जाये और भर्ती मरीजों का कारगर इलाज कराया जाये।


