रांचीः झारखंड शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय एक बार फिर से एक्टिव हो गई है। ईडी ने शराब घोटाले में पूर्व मंत्री और लोहरदगा से कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव को समन जारी किया है। ईडी ने इसके साथ ही कांग्रेस विधायक के बेटे रोहित प्रियदर्शी उरावं को भी समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। उत्पाद विभाग के पूर्व कमिश्नर अमित प्रकाश को भी एजेंसी के द्वारा समन जारी किया है।
ईडी द्वारा भेजे गए समन को लेकर जब कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव से जानकारी ली गई तो रोहित प्रियदर्शी ने बताया कि योगेंद्र तिवारी वाला पूर्व का ही मामला है। इसमें वो और उनके पिता ने ईडी के ट्रिब्यूनल में अपील की थी। ईडी ने अब इस मामले में संबंधित दस्तावेज देने को कहा है। हालांकि उन्होंने तारीख कि जानकारी नहीं दी और कहा कि जल्द ही तारीख को भी लेकर जानकारी आ जाएगी।
ED की छापेमारी में मिला था भारी मात्रा में कैश
आपको बता कि छत्तीसगढ़ के तर्ज पर हुए झारखंड शराब घोटाले में ईडी ने 23 अगस्त 2023 को तत्कालीन वित्त मंत्री रामेश्व उरावं के आवास के साथ ही साथ 32 ठिकानों में छापेमारी की थी। ईडी ने जिन ठिकानों में छापेमारी की थी उनमें रामेश्वर उरांव के अलावा नेक्सजेन कंपनी के मालिक विनय सिंह, शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी और उनके भाई अमरेंद्र तिवारी शामिल थे। ईडी को मंत्री रामेश्वर उरांव के घर से 30 लाख रुपये, विनय सिंह के घर से एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवर और अहम दस्तावेज मिले थे।
बताया जा रहा है कि ईडी रामेश्वर उरांव और उनके बेटे से शराब कारोबार से जुड़े कुछ वित्तीय दस्तावेजों, कंपनियों के साथ संबंध और संदिग्ध लेन-देन के संबंध में सवाल पूछ सकती है। जांच एजेंसी पहले भी इस मामले में कई कारोबारियों, अधिकारियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा कई स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।झारखंड शराब घोटाला मामले में ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब नीति के क्रियान्वयन के दौरान कहीं अवैध आर्थिक लाभ तो नहीं पहुंचाया गया और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने की कोई साजिश तो नहीं हुई।
शराब घोटाले में प्राथमिकी दर्ज की थी
एसीबी ने पिछले वर्ष मई में शराब घोटाला केस में प्राथमिकी दर्ज की थी। इस प्राथमिकी में वरीष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे , उत्पाद विभाग के संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह और विनय सिंह समेत 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
शराब घोटाले में चौंकाने वाले नाम
ईडी की जांच का दायरा जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले नाम शराब घोटाला मामले में जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल राज्य के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव से पूछताछ में क्या खुलासे होते हैं, यह देखना काफी महत्वपूर्ण होगा।


