सीतामढ़ीः जिले के पुनौरा थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने रविवार शाम गौशाला चौक स्थित आवासीय रेशमी पैलेस में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल की एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने मौके से छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
रेशमी पैलेस में चल रहा था संगठित नेटवर्क
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर रेशमी पैलेस में छापेमारी की गई। जांच के दौरान कई संदिग्ध गतिविधियों के प्रमाण मिले। गिरफ्तार लोगों के मोबाइल फोन की जांच में लड़कियों के फोटो, बायोडाटा और पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।पुलिस का दावा है कि सभी गिरफ्तार लोग मुख्य आरोपी महफूज खलीफा के लगातार संपर्क में थे।
बंगाल की महिला समेत सात लोग गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के आसनसोल समेत जिले के निवासी भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक ज्योति साह स्थानीय महिला को अपनी बेटी बताकर पश्चिम बंगाल से आने वाले लोगों के संपर्क में थी।
मुख्य आरोपी समेत संचालक पर भी केस
पुलिस ने बताया कि महफूज खलीफा और रमजान खलीफा जिले में संगठित तरीके से देह व्यापार का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। महफूज खलीफा का इस तरह के मामलों में पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है।मामले में मुख्य आरोपी महफूज खलीफा, रमजान खलीफा और रेशमी पैलेस के संचालक के खिलाफ संगठित देह व्यापार चलाने, करवाने और आश्रय देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारीछापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधिकारी प्रताप कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कई अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।







