डेस्कःबॉलीवुड ऐक्टर पंकज त्रिपाठी के भाई पर बिहार के गोपालगंज में जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
गोपालगंज: मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया है। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना PMCH रेफर किया गया है। घटना बरौली थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है।

बेलसंड गांव में हुई वारदात
घटना माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
पुरानी रंजिश को माना जा रहा वजह
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान की
घटना की सूचना मिलते ही माधोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक,आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुए इस हमले ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।







