चतराः कुंदा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों ने दहशत फैलाने वाली वारदात को अंजाम दिया। मरगड्डा पंचायत के गेन्दरा गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
घर के बाहर खड़ी बोलेरो में लगाई आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेन्दरा गांव निवासी सफेन्द्र गंझु की बोलेरो गाड़ी (जेएच 01 एफएम 9473) रोज की तरह उनके घर के पास खड़ी थी। इसी दौरान देर रात अपाची मोटरसाइकिल से पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने वाहन में आग लगा दी। आग इतनी भयानक थी कि लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते जलकर राख हुई गाड़ी
रात के अंधेरे में लगी इस भीषण आग के कारण जब तक लोग कुछ समझ पाते और उसे बुझाने का प्रयास करते, तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।जानकारी के बाद कुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।







