पलामूः मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में ठेकेदार और कारोबारी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी को अपराधियों ने गोली मारी है। पूजा के लिए जाते समय बाराकोट निवासी संजय तिवारी को अपराधियों ने शनिवार को जीएलए कॉलेज गेट के पास गोली मारी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गुड्डू तिवारी को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उनके भतीजे पर जमीन विवाद में गोली मारने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, संजय तिवारी रेडमा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया है। वहीं अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों ने घायल संजय तिवारी का बयान दर्ज किया। पुलिस गोलीबारी के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और कारोबारी विवाद समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई।बताया जा रहा है कि संजय तिवारी और उनके गोतिया परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण गोलीबारी की यह घटना हुई है।







