रांचीः राजधानी रांची के पॉश इलाके में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ मंगलवार को हुआ। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू इलाके में एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। होटल शिवम पैलेस में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने मैनेजर समेत छह लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस छापेमारी की खबर के बाद होटल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बंगाल से लाई गई दो लड़कियों समेत छह लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस को होटल से कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिले। हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में हुई छापेमारी अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी के साथ महिला मजिस्ट्रेट भी मौजूद थी। छापेमारी के दौरान चार लड़के-लड़कियां आपत्तिजनक स्थित में मिले। पुलिस ने इसके बाद होटल को सील कर दिया। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले इसी भवन से कूदकर एक लड़की ने अपनी जान भी दी थी।
पांकी का होटल मालिक, मैनेजर चला रहा था सेक्स रैकेट
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि होटल का मैनेजर ही सेक्स रैकेट का धंधा चला रहा था। बंगाल से युवतियों को मंगाकर उसे पैसे का लालच दिया जाता था और ये अनैतिक धंधा कराया जा रहा था। होटल में आने वाले ग्राहकों को पहले व्हाट्सऐप पर लड़कियों की आकर्षक तस्वीर दिखाई जाती थी फिर पसंद के हिसास से पैसे तय कर लड़कियों को बुलाया जाता था। पैसे मिलने के बाद लड़कियों को ग्राहक के कमरे में भेजा जाता था और इस दौरान मैनेजर और स्टॉफ पहरेदारी करते थे। होटल पलामू जिले के पांकी के रहने वाले एक व्यक्ति का बताया जा रहा है।






