गिरिडीहः गांडेय विधायक कल्पना सोरेन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से आयोजित बूथ सम्मेलन सह बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर में हुई शामिल। इस कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सांसद सरफराज अहमद, जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता विनोद कुमार पांडे सहित कई पार्टी नेता शामिल हुए। सम्मेलन में जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न प्रखंडों से आए बीएलए-2 और बूथ कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे, यह सुनिश्चित करना बीएलए-2 और बूथ कमेटियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया एक बड़ी चुनौती है, लेकिन झामुमो इसे भी मजबूती से पार करेगा। इसके लिए पार्टी बूथ स्तर तक तैयारी में जुटी हुई है।
गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि विवाह के कारण महिलाओं का निवास स्थान बदलता रहता है, इसलिए उनके दस्तावेजों के सत्यापन में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और कोई भी फर्जी नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। इसके लिए अभी से बूथ स्तर पर दस्तावेजों की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि एसआईआर को लेकर पार्टी पूरी तरह गंभीर है। बूथ कमेटी से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक इस प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हों, यह सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है।
राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि एसआईआर से जुड़ी किसी भी समस्या या भ्रम की स्थिति में वरिष्ठ पदाधिकारियों से तत्काल संपर्क करें। वहीं जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षण देकर उन्हें इस प्रक्रिया के लिए तैयार किया जा रहा है। धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी ने अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम को डुमरी विधानसभा क्षेत्र के नेता अखिलेश महतो राजू और प्रणव वर्मा ने भी संबोधित किया। सम्मेलन की शुरुआत नेताओं द्वारा शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। रांची से आई विशेषज्ञ टीम ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा इससे संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी बीएलए-2 और बूथ कमेटियों को उपलब्ध कराए।







