रांचीः चान्हो में शनिवार सुबह करीब 8.15 बजे एक 16 वर्षीय छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया। छात्रा उस समय घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। बताया जाता है कि छात्रा कॉलेज जाने के लिए एक ऑटो में बैठी थी, लेकिन चालक उसे चान्हो के बजाय मांडर की ओर ले जाने लगा। इस बीच मांडर टोल प्लाजा स्थित ब्रेकर पर जब ऑटो की रफ्तार कम हुई, तब छात्रा ने चलते ऑटो से छलांग लगा दी। मामले में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि आरोपी पहले भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। शनिवार को उसने रास्ते में रोक कर छात्रा को झांसे में ले लिया और कॉलेज छोड़ने की बात कहकर ऑटो में बैठा लिया। इसके बाद चालक ने ऑटो में उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इससे घबराकर छात्रा ने ऑटो से छलांग लगा दी। छात्रा मदरसा चौक से चान्हो स्थित कॉलेज जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। उसे चान्हो पर उतरना था, लेकिन चालक ने वहां ऑटो नहीं रोका और वाहन की गति बढ़ा दी। छात्रा के विरोध करने पर चालक ने जरूरी बात करने का बहाना बनाया और उसे तेज रफ्तार से मांडर की ओर ले जाने लगा। टोल प्लाजा के पास ऑटो से कूदने के बाद छात्रा ने शोर मचाया और टोल कर्मियों से सहायता मांगी। इसके बाद टोल कर्मियों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और मांडर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस जांच में चालक की पहचान अफसर अंसारी के रूप में हुई, जो लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्रद के लालपुर गांव का निवासी है। मामले में छात्रा के बयान के आधार पर आरोपी चालक के विरूद्ध चान्हो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




