लोहरदगा : आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल ने लोहरदगा सदर प्रखंड के हेसल गांव में बॉक्साइट परिवहन के कारण उत्पन्न यातायात समस्या पर चिंता जताते हुए हिंडाल्को प्रबंधन से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हेसल क्षेत्र में काफी संख्या में लोहरदगा-टोरी मुख्य मार्ग में खड़े रहने वाले ट्रकों के कारण आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूरज अग्रवाल ने कहा कि हेसल मार्ग पर ट्रकों की लंबी कतार के कारण चंदवा, चतरा, गया, लातेहार, डालटनगंज सहित अन्य क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को घंटों सड़क जाम में फंसना पड़ रहा है। ऐसे में अपने गंतव्य को जाने वाले कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट रही है, जबकि स्कूली बच्चों को भी प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और इसका समाधान की दिशा में हिंडाल्को प्रबंधन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।

बाक्साइट ट्रकों के लिए पार्किंग की हो व्यवस्था
आजसू नेता ने कहा कि यदि हिंडाल्को क्षेत्र में खनन एवं परिवहन कार्य जारी रखना चाहती है तो बाक्साइट ट्रकों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। सड़क पर ट्रकों को खड़ा करने से यातायात बाधित हो रहा है और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने ट्रक चालकों और खलासियों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे सुबह से सड़क जाम में फंसे रहते हैं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान होते हैं।

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
सूरज अग्रवाल ने हिंडाल्को कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा है कि जनहित में यातायात व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुअ तो आजसू पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को भी संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से हेसल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।





