डेस्कः पश्चिम बंगाल से बड़ी घटना सामने आ रही है। चुनाव परिणाम के एक महीने बाद ही करीब 4000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) आग में जलकर राख हो चुकी है। इन मशीनों का इस्तेमाल हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 10 निर्वाचन क्षेत्रों में किया गया था। पुलिस ने एफआईआर दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच की जा रही है कि आग बिजली की वजह से लगी या कोई अन्य कारण से।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार को दक्षिण कोलकाता के अलीपुर इलाके में नौ मंजिला इमारत में भीषण आग लगी थी। इसी इमारत में ईवीएम रखी थीं। अब इमारत के आसपास पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। वहीं इमारत को सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इसी इमारत में दक्षिण 24 परगना जिला परिषद का कार्यालय भी स्थित है।
बंगाल चुनाव में इस्तेमाल हुआ 4000 EVM जल कर नष्ट pic.twitter.com/KuWfzHiqI0
— Live Dainik (@Live_Dainik) June 12, 2026
मामले में साजिश की संभावना
राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा राज्यमंत्री कौशिक चौधरी ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा करने के बाद पत्रकारों को इसकी जानकारी दी।मंत्री ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह सामान्य आग नहीं लगती और मामले में साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।मंत्री के अनुसार, नष्ट हुई ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल हाल में संपन्न हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में 10 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया था।
कौशिक चौधरी ने बताया कि आग सबसे पहले भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल पर देखी गई थी, लेकिन बाद में सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस भीषण अग्नकांड में कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें व कागजात भी जलकर खाक हो गईं।चौधरी ने कहा कि यदि आग दूसरी और तीसरी मंजिल से शुरू हुई थी, तो चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल को अपेक्षाकृत कम प्रभावित करते हुए यह ऊपरी मंजिलों तक कैसे पहुंची? इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल फारेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।


