चाईबासाः मुफस्सिल थाना क्षेत्र की युवती के साथ सोशल मीडिया पर दोस्ती कर, वीडियो क्लोनिंग के जरिये अश्लील फोटो बनाया गया, फिर ब्लैकमेल कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। इसका विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसे लेकर पीड़िता ने सात जून 2026 को मुफस्सिल थाना चाईबासा में आरोपी युवक पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है।
सोशल मीडिया पर हुई थी बातचीत, फिर की वीडियो क्लोनिंगः चक्रधरपुर निवासी पीड़िता फिलहाल चाईबासा में एक किराये के मकान में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही है, दर्ज मामले के अनुसार, दिसंबर 2025 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान सूरज नामक युवक से हुई।
शुरुआत में दोनों के बीच फोन और इंस्ट्राग्राम पर पढ़ाई से संबंधित बातें होती थीं, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गयी। इसी बीच आरोपी सूरज ने वीडियो क्लोनिंग के माध्यम से पीड़िता की अश्लील फोटो तैयार कर ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
फोटो डिलीट करने के बहाने रांची बुलाकर किया दुष्कर्मः जब पीड़िता ने आरोपी से अपनी अश्लील फोटो डिलीट करने को कहा, तो उसने उसे रांची बुलाया। तीन जनवरी 2026 को पीड़िता रांची गयी, जहां आरोपी ने उसे एक होटल में ठहराया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह उसे वापस चाईबासा भेज दिया। आरोपी फोटो डिलीट करने का झांसा देकर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। उसने करीब चार बार रांची और चाईबासा के अलग-अलग होटालों में बुलाकर पीड़िता से दुष्कर्म किया।



