डेस्कः आईपीएल में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बना चुके युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं।इस बार वजह उनका कोई रिकॉर्ड या मैच नहीं, बल्कि प्रसिद्ध स्पोर्ट्स एंकर रिद्धिमा पाठक का एक वायरल वीडियो है, जिसमें उन्होंने वैभव को बिहार का सबसे बड़ा पीआर एंबेसडर बताया है।सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में रिद्धिमा पाठक ने बिहारी पहचान से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए हैं।

खुद को बिहारी बताने से झिझकते थे युवा
उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब स्कूल और कॉलेज के दिनों में कई लोग खुद को बिहारी बताने से झिझकते थे।उनके अनुसार, बिहार की छवि को लेकर बनी धारणाओं के कारण अक्सर लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था।रिद्धिमा ने कहा कि समय के साथ परिस्थितियां बदलीं और कुछ ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्होंने युवाओं में आत्मविश्वास जगाने का काम किया।उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि महेंद्र सिंह धोनी की लोकप्रियता और Gangs of Wasseypur जैसी फिल्मों ने पूर्वी भारत के युवाओं के भीतर एक अलग आत्मविश्वास पैदा किया।हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि धोनी का शहर रांची और वासेपुर दोनों वर्तमान में झारखंड में हैं, इसलिए उस दौर की सकारात्मक पहचान का बड़ा हिस्सा झारखंड के खाते में चला गया।

अब बिहार को मिला अपना चेहरा
रिद्धिमा के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी बिहार की नई पहचान बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि वैभव एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी पहचान पूरी तरह बिहार से जुड़ी है। उनकी सफलता ने राज्य के युवाओं को नया आत्मविश्वास दिया है। उनके मुताबिक अब बिहार के युवा गर्व के साथ अपनी पहचान जाहिर कर सकते हैं।
वीडियो में उन्होंने कहा कि वैभव की उपलब्धियां केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बिहार की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं, प्रतिभा और संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया
रिद्धिमा का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हजारों लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि वैभव सूर्यवंशी की सफलता ने बिहार की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी है।वहीं कुछ लोगों ने इसे बिहार के बदलते आत्मविश्वास और नई पहचान का प्रतीक बताया।

कौन हैं रिद्धिमा पाठक?
रिद्धिमा पाठक देश की जानी-मानी स्पोर्ट्स प्रेजेंटर, एंकर और वॉयस-ओवर आर्टिस्ट हैं। वह क्रिकेट, फुटबॉल और बास्केटबॉल समेत कई बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुकी हैं।रिद्धिमा पाठक का जन्म 17 फरवरी 1990 को रांची में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूलिंग मुंबई से की है। उस वक्त ही वो डिबेट शो और थिएटर में हिस्सा लेती थीं। साल 2008 में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। उन्हें पहले इंजीनियरिंग की नौकरी मिली, लेकिन बाद में उन्होंने उस नौकरी को छोड़ दिया।उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक रेडियो स्टेशन से की थी। वहां पर वो इंटर्नशिप करती थीं। इसके बाद उन्होंने अपने करियर को आगे बढ़ाया। उन्हें स्पोर्ट्स काफी पसंद है। इसलिए उन्होंने इसे ही अपना करियर बनाया। वो स्टार स्पोर्ट्स, टेन स्पोर्ट्स, सोनी और जियो पर काफी सारे स्पोर्ट्स ईवेंट्स को प्रजेंट कर चुकी हैं। बता दें कि रिद्धिमा विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे बड़े सितारों का इंटरव्यू ले चुकी हैं।आईपीएल, आईसीसी टूर्नामेंट और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी एंकरिंग को काफी पसंद किया जाता है। बिहार से जुड़ी पृष्ठभूमि रखने वाली रिद्धिमा ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद कॉर्पोरेट क्षेत्र की नौकरी छोड़ स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में कदम रखा।


