अनंत सिंह के समर्थक पर सोनू-मोनू ने की फायरिंग, फेसबुक पोस्ट पर विवाद के बाद गोलीबारी

Picture of Live Dainik

Live Dainik

May 24, 2026

अनंत सिंह के समर्थक पर सोनू-मोनू ने की फायरिंग, फेसबुक पोस्ट पर विवाद के बाद गोलीबारी

पटनाः सोनू- मोनू गैंग ने एक बार फिर से बाहुबली और जदूय विधायक अनंत सिंह को चुनौती दी है। इस बार दोनों ने अनंत सिंह के समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर फायरिंग की है। घटना शनिवार की है।मोकामा प्रखंड के पचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में शनिवार की देर शाम पैक्स अध्यक्ष सह सरपंच प्रतिनिधि मुकेश सिंह पर सोनू-मोनू गिरोह ने फायरिंग कर दी।इस गोलीबारी की घटना के बाद गांव में अफ़रातफ़री मच गई। मौके पर पचमहला पुलिस पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सरपंचपति मुकेश सिंह नौरंगा गांव में जमीन विवाद की पंचायत करने जा रहे थे।
​फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
​विवाद की जड़ 22 मई को मुकेश कुमार द्वारा किया गया एक फेसबुक पोस्ट बना। मुकेश ने अपनी पंचायत और थाना प्रभारी के कार्य की प्रशंसा करते हुए एक पोस्ट लिखा था। आरोप है कि कुख्यात सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने इसे अपने खिलाफ मानते हुए मुकेश को पोस्ट डिलीट करने के लिए धमकाया। मुकेश का कहना है कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
​पिता के बुलाने पर पहुंचे अपराधी बेटे
​मुकेश कुमार ने बताया कि बहस के तुरंत बाद प्रमोद सिंह ने अपने कुख्यात बेटों, सोनू और मोनू को अपने गैंग के साथ मौके पर बुला लिया। आते ही उन्होंने मुकेश पर जानलेवा हमला कर दिया और दो राउंड फायरिंग की। घटना के बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। एसडीपीओ रामकृष्णा ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सोनू-मोनू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
नौरंगा गोलीकांड की पुरानी रंजिश
​सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह के बीच यह कोई पहली झड़प नहीं है। जनवरी 2025 में हुए बहुचर्चित ‘नौरंगा गोलीकांड’ में दोनों पक्षों के बीच करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी। तब एक मुंशी के साथ मारपीट और जबरन घर खाली कराने के विवाद को सुलझाने गए अनंत सिंह के साथ गैंग की सीधी टक्कर हुई थी। उस मामले में अनंत सिंह और सोनू-मोनू दोनों को ही जेल की हवा खानी पड़ी थी।
​पुलिस की बढ़ी सक्रियता
​घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। हाथीदह, मरांची और पंचमहला थानों की संयुक्त टीम सोनू-मोनू के ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि भय का माहौल बनाने के लिए हवाई फायरिंग की गई थी और आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। ज्ञात हो कि मोकामा के विधायक अनंत सिंह फिलहाल दुलारचंद हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद हैं, इसके बावजूद उनके समर्थकों और विरोधी गैंग के बीच संघर्ष लगातार जारी है।

See also  रांची में पुलिस चेकिंग के दौरान थार चालक की दबंगई, सिपाही को रौंदकर फरार; सिर में गंभीर चोट
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now