रांची की लापता अदिति पांडेय का कोई सुराग नहीं, नाले की झाड़ियों में मिला मांस, होगी फोरेंसिक जांच

रांची की लापता अदिति पांडेय का कोई सुराग नहीं, नाले की झाड़ियों में मिला मांस, होगी फोरेंसिक जांच

रांचीः राजधानी के सदर थाना क्षेत्र स्थित खोरहाटोली रोड़ नंबर एक से नौ मई की शाम से लापता 18 महीने की बच्ची अदिति पांडे का 12 मई तक कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मंगलवार को लगातार खोरहाटोली से स्वर्णरेखा जाने वाले नाले की गहराई से जांच करती रही। इस बीच गाड़ीगांव और लोवाडीह सीमा पर नाले के किनारे मौजूद बांसनुमा झाड़ी से कंकाल और मांस का टुकड़ा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम बुलायी। टीम ने करीब दो घंटे की मशक्त के बाद कंकाल और मांस के टुकड़ों को विधिवत जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए अपने साथ ले गयी।
डीएनए टेस्ट से मिलेगी सटीक जानकारीः टीम ने बताया कि बरामद कंकाल की जांच से पता चलेगा कि मरनेवाले की उम्र क्या थी, साथ ही जांच में यह भी पता चलेगा कि हड्डी महिला की थी या पुरूष की। दोनों जांच के बाद आगे डीएनए टेस्ट किया जायेगा, तब सही मायने में पता चलेगा कि कंकाल और मांस का टुकड़ा किसका है। बरामद अवशेषों को देखकर लगता है कि कुत्तों ने शरीर को नोच लिख है, लेकिन घटनास्थल से मरनेवाले का कोई कपड़ा नहीं मिला। हालांकि पुलिस ने कंकाल बरामदगी स्थल पर अदिति के पिता मनीष पांडेय को भी बुलाया था। अदिति के मौसा और अन्य परिजन भी वहां पहुंचे थे। उन्होंने भी कंकाल और मांस का टुकड़ा देखने के बाद उसे पहचानने से इंकार कर दिया। हालांकि कंकाल और मांस का टुकड़ा मिलने की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची कि लोग बड़ी तादात में मौके पर पहुंच गये। दहशत के बीच सभी यह जानने को उत्सुक थे कि कंकाल और मांस का टुकड़ा किसका है। उधर, पुलिस और एनडीआरएफ की टीम बारिश के बीच भी अदिति की तलाश में नाले को खंगालने में जुटी रही। इस दौरान मौके पर रांची के सिटी एसपी पारस राणा के अलावा सदर डीएसपी, बरियातू थाना प्रभारी, डीएसपी मनोज कुमार, सदर थानेदार कुलदीप कुमार, खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस नाले में गिरने की जता रही है आशंकाः अदिति के घर के आंगन में मौजूद बर्तन धोने वाले स्थान के ठीक पीछे नाला है। परिवार वालों का कहना है कि अदिति कभी उस ओर नहीं जाती थी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलायी थी। डॉग को अदिति के कपड़े और जूते कई बार सुंघाये गये। हर बार डॉग उस कमरे से घर के मुख्य दरवाजे तक ही जाकर रूक गया, जहां अदिति के खेलने की बात कही जा रही है। वह कभी बर्तन धोनेवाले स्थान या घर के किसी अन्य हिस्से की ओर नहीं गया। इसी वजह से घरवालों को शक है कि किसी ने अदिति का अपहरण कर लिया है। वहीं बर्तन धोनेवाले स्थान के पीछे खुले नाले को देखते हुए पुलिस आशंका जता रही है कि कहीं खेलते समय अदिति नाले में तो नहीं गिर गयी।
मां बोलीः नौ मई को दो घंटे में क्या हुआ था, किसी को कुछ पता नहीं
अदिति पांडे और चार साल की बड़ी बेटी ऐमी को लेकर मां अंकिता नौ मई को खोरहाटोली स्थित घर से हजारीबाग जाने के लिए निकली थी, लेकिन बीआईटी में ट्रेन नहीं पकड़ सकी। वह बूटी मोड़ से वापस दोपहर साढ़े तीन बजे खोरहाटोली स्थित घर पहुंची थी। घर में घुसते ही बायें वाले कमरे में ही दोनों बेटियां परिवार के ही अन्य बच्चों, जिनकी उम्र आठ वर्ष से कम थी, उनके साथ खेलने लगी। इसी दौरान बड़ी बेटी को लेकर पिता मनीष पांडेय आइसक्रीम दिलाने मोहल्ले से निकल गये। वापस चार बजे घर लौटे, उस वक्त छोटी बेटी अंकिता घर के दरवाजे पर खड़ी थी। उसे लेकर पिता अंदर गये। यह सब सीसीटीवी में कैद हुआ। मां अंकिता के अनुसार, बच्चे तक खेल रहे थे, तब वह परिवार के लोगों के साथ दूसरे कमरे में बातचीत कर रही थी। उन्होंने बड़ी बेटी को देखा, लेकिन छोटी बेटी अदिति दिखाई नहीं पड़ी। फिर उसकी खोजबीन शुरू हुई। शाम चार से छह बजे के बीच अदिति कहां गयी, क्या हुआख् किसी को कुछ पता नहीं।
अदिति के संबंध में इन नंबरों पर सूचना देने वाले को मिलेगा 50 हजार इनाम
9431706136- रांची एसएसपी
9431706137- सिटी एसपी, रांची
9431102090- सदर डीएसपी, रांची
9431706160- सदर थाना प्रभारी

See also  बिहार में सड़क पर सरेआम युवक ने लड़की की मांग में भरा सिंदूर,रोहतास का VIDEO हुआ वायरल
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now