डेस्कः पीएम मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील के दो दिन बाद ही केंद्र ने सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दिया है। इसका असर आज शेयर मार्केट में ज्वेलरी स्टॉक पर देखने को मिल सकता है। वहीं, सर्राफा बाजारों में आज सोने के दाम में उछाल आने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। पीएम मोदी ने 24 घंटे के भीतर अपनी इस अपील को दोहराया भी था। अब अब मोदी सरकार इसे लेकर एक्शन मोड में आ गई है। सरकार ने सोने के साथ ही चांदी पर भी कस्टम ड्यूटी बढ़ा दी है। सरकार के इस कदम से अब सोना-चांदी और अन्य कीमती धातुओं का आयात महंगा होगा।
सोना और चांदी पर आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर सरकार ने अब 15% कर दिया है। सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर 10 % बेसिक कस्टम ड्यूटी लगाई है। इस पर 5 % सेस लगाया है। एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस मिलाकर कस्टम ड्यूटी 15 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गया है।
इससे संबंधित आदेश सरकार की ओर से जारी कर दिया गया है। मोदी सरकार के इस कदम को सोने का आयात कम करने, गिरते रुपये को संभालने और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। कस्टम ड्यूटी में इस इजाफे से भारत में सोने-चांदी और अन्य कीमती धातुओं की मांग पर असर पड़ सकता है।गौरतलब है कि भारत सरकार ने साल 2024 के बजट में सोने-चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर कस्टम ड्यूटी में बड़ी कटौती की थी।


