पटनाः 14 मई की शाम पटना समेत बिहार के बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में कई इलाकों में सायरन की आवाज गूंजेगी और लोगों से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद रखने को कहा जाएगा। बिहार के इन जिलों में यह पूरा अभ्यास सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के तहत किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक चलेगा विशेष अभ्यास
पटना जिला प्रशासन के मुताबिक 14 मई को शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक सिविल डिफेंस और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान नागरिक सुरक्षा से जुड़े जरूरी अभ्यास किए जाएंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि यह किसी वास्तविक खतरे की स्थिति नहीं, बल्कि आपातकालीन तैयारी को मजबूत करने के लिए किया जा रहा अभ्यास है।
हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से बचाव की तैयारी
इस मॉक ड्रिल का मुख्य मकसद लोगों को यह समझाना है कि अगर कभी हवाई हमले या किसी बड़ी आपदा जैसी स्थिति बने तो खुद को कैसे सुरक्षित रखना है। सायरन बजने के साथ लोगों को सतर्क रहना होगा और ब्लैक आउट नियमों का पालन करना होगा ताकि आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारी मजबूत हो सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तय समय पर जैसे ही सायरन बजे, घरों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की लाइट तुरंत बंद कर दें। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में ब्लैक आउट जैसा माहौल बनाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा है कि लोग घबराएं नहीं और इसे सिर्फ सुरक्षा अभ्यास समझें।
अफवाहों से बचने की सलाह
पटना डीएम त्यागराजन एसएम ने कहा है कि यह पूरी तरह एक अभ्यास है। इसका मकसद लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। इसलिए किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और गलत जानकारी फैलाने से बचें।अस्पताल, इमरजेंसी सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं इस दौरान सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
दिनांक 14.05.2026 (गुरूवार) को शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक पटना के शहरी क्षेत्रों में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट/मॉकड्रिल का आयोजन होगा। इसमें हवाई हमले से बचाव हेतु नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा। लोगों से अपील है कि निर्धारित समय पर अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान इत्यादि की सभी लाइट बंद… pic.twitter.com/vfpbvem19F
— District Administration Patna (@dm_patna) May 12, 2026


