डेस्कः इस वक्त की सबसे बड़ी खबर ये है कि नीट परीक्षा 2026 को रद्द कर दिया गया है। पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। अब इसकी जांच सीबीआई करेगी।परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। इसके पेपर लीक होने को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसके बाद NTA ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी। 22 लाख से अधिक कैंडिडेट्स नीट यूजी 2026 एग्जाम में शामिल हुए थे।अब सभी कैंडिडेट्स के लिए NTA दोबारा से नीट यूजी 2026 का आयोजन करेगा।
NTA ने कहा कि 10 मई 2026 की प्रेस रिलीज के क्रम में यह फैसला लिया गया है। एजेंसी के मुताबिक, 8 मई को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और जरूरी कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले इनपुट और जांच रिपोर्ट की समीक्षा की गई।पेपर लीक होने को लेकर CBI जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
एजेंसी ने कहा कि एग्जाम सिस्टम में पारदर्शिता बनाए रखने और निष्पक्ष व विश्वसनीय परीक्षा तय करने के लिए यह कदम उठाया गया है। NTA के अनुसार, अब NEET UG 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट अन्य आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी। NTA ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
राजस्थान से आए था पेपर लीक का मामला
राजस्थान के सीकर से नीट यूजी 2026 पेपर लीक का मामला सामने आया था। मामले की जांच राजस्थान पुलिस SOG कर रही थी। SOG शुरुआत में मान रही थी कि नीट यूजी पेपर लीक नहीं हुआ था। हालांकि SOG ने स्वीकारा था कि नीट यूजी 2026 गेस पेपर एग्जाम से पहले वायरल हुआ था, जिससे सवाल मेन एग्जाम में आए थे।
गेस पेपर से 120 से 150 सवाल हूबहू आए
SOG ने जांच के बाद स्वीकारा था कि नीट यूजी गेस पेपर से हूबहू सवाल मेन एग्जाम में आए थे।जानकारी की मुताबिक 120 से 150 सवाल नीट एग्जाम में हूबहू आए थे, जिसमें केमिस्ट्री के 30 और बायोलॉजी के 90 तक सवाल थे। जबकि नीट यूजी में कुल 180 सवाल पूछे जाते हैं।


