खूंटी: जिले में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने चालाकी से कार चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और मारपीट के बाद उसकी अर्टिगा कार लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा नंबर (OD02DH6313) की अर्टिगा कार एक ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से बुक की गई थी। चालक दुष्यंता साहू दो सवारियों को लेकर यात्रा पर निकला था। रास्ते में खूंटी क्षेत्र में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गाड़ी रुकवाई और एक होटल से मीट-भात व मिठाई पैक कराई।

इसके बाद सुनसान स्थान पर बैठकर तीनों ने साथ भोजन किया। इसी दौरान आरोपियों ने चालक के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद चालक की हालत बिगड़ने लगी और वह कार में बैठते ही बेहोश हो गया।चालक के बेहोश होते ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे मृत समझकर सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी अर्टिगा कार लेकर मौके से फरार हो गए।

कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की नजर घायल चालक पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।



