धनबाद: धनबाद में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कच्चा स्प्रिट जब्त किया है। सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करीब 24 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट से भरे एक टैंकर को पकड़ा गया है।
उत्पाद विभाग की टीम ने तोपचांची थाना क्षेत्र के कोटाल अड्डा स्थित नेशनल हाईवे पर जीओ पेट्रोल पंप के पास छापेमारी की। इस दौरान नागालैंड नंबर NL-01-L-1775 टैंकर को रोककर जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में कच्चा स्प्रिट बरामद हुआ।

जांच के दौरान टैंकर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि इस स्प्रिट को गिरिडीह और हजारीबाग के नकली शराब कारोबारियों के पास सप्लाई किया जाना था। यह खुलासा होते ही विभाग ने तुरंत टैंकर को जब्त कर लिया।
उत्पाद विभाग ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।







