चतरा : जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित संघरी घाटी में शुक्रवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। घाटी के खतरनाक मोड़ पर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद पीछे आ रहे आधा दर्जन हाइवा ट्रक आपस में टकरा गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

रांची में गेल इंडिया की गैस पाइपलाइन में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर के अचानक पलटते ही पीछे से आ रहे भारी वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। देखते ही देखते सड़क पर अफरातफरी मच गई। हादसे में कई वाहनों को भारी क्षति पहुंची है और चालक व सहचालकों में दहशत फैल गई। दुर्घटना के बाद चतरा–डोभी मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर व विशिष्ट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने का प्रयास शुरू कर दिया है।

जाम हटाने के लिए क्रेन की मदद से पलटे कंटेनर और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संघरी घाटी का यह क्षेत्र काफी खतरनाक है और यहां पहले भी कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। इधर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।









