हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। महुदी मोड़ स्थित अंजली ज्वेलर्स की दुकान में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
6 हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 6 अपराधी हथियारों से लैस होकर दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने पहले दुकान का शटर तोड़ा और फिर अंदर घुसकर मशीन की मदद से तिजोरी को काट डाला। तिजोरी से जेवरात निकालकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
महिला को बनाया ढाल, कनपटी पर सटाया हथियार
घटना के दौरान पास में रहने वाली एक महिला किसी काम से उठी थी। इसी दौरान भाग रहे अपराधियों ने उसकी कनपटी पर हथियार सटा दिया और उसे ढाल बनाकर मौके से निकल गए। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही डीएसपी और चौपारण थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं,संदिग्धों की पहचान की जा रही है आसपास के रास्तों की जांच जारी है । पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।




