रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चाईबासा के सदर अस्पताल में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले में सख्त कार्रवाई की है । हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पांच दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है । मुख्यमंत्री ने इश मामले में किसी भी तरह की लापरवाही को नाकाबिले बर्दाश्त बताया है ।
राज्य के सभी ब्लड बैंकों की होगी ऑडिट
हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि राज्य के सभी ब्लड बैंक का ऑडिट कराकर पांच दिनों रिपोर्ट सौंपे। माननीय मुख्यमंत्री ने पीड़ित बच्चों के परिवारों को 2 -2 लाख रूपये की सहायता राशि सरकार की तरफ से प्रदान करने की बात कही है।

इधर बीजेपी ने चाईबासा में बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाने के मामले में स्वास्थय मंत्री को हटाने की मांग की है । नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित 5 मासूम बच्चों को “संक्रमित खून” चढ़ाया गया और अब सभी बच्चे एचआईवी पॉज़िटिव पाए गए। अगर इन बच्चों की भविष्य में मृत्य हो जाती है तो, यह सिर्फ़ लापरवाही नहीं, बल्कि राज्य प्रायोजित हत्या (State-Sponsored Murder) कहलायेगी।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि डॉक्टरों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं और मांग की है कि झारखंड को उसके सबसे अयोग्य और निष्क्रिय स्वास्थ्य मंत्री से मुक्त कीजिए और एक जिम्मेदार, संवेदनशील मंत्री दीजिए।




