नाव से 80 पाकिस्तानी जा रहे थे स्पेन , मोरक्को में डूबने से 40 की मौत

Picture of Live Dainik

Live Dainik

January 17, 2025

इस्लामाबाद, 17 जनवरी (भाषा) स्पेन पहुंचने की कोशिश कर रहे 80 प्रवासियों को ले जा रही एक नौका के मोरक्को के पास समुद्र में पलट जाने से 40 से अधिक पाकिस्तानियों के मारे जाने की आशंका है।

प्रवासी अधिकार समूह ‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ ने बृहस्पतिवार को कहा कि डूबने वाले प्रवासियों की संख्या 50 हो सकती है। मोरक्को के अधिकारियों ने एक दिन पहले एक नौका से 36 लोगों को बचाया था जो 66 पाकिस्तानियों सहित 86 प्रवासियों को लेकर दो जनवरी को मॉरिटानिया से रवाना हुई थी।

‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ की मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेलेना मालेनो ने ‘एक्स’ पर कहा कि डूबने वालों में 44 लोग पाकिस्तान के हो सकते हैं।

मालेनो ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रवासियों) पीड़ा के 13 दिन बिताए और कोई भी उन्हें बचाने के लिए नहीं आया।’’

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बृहस्पतिवार रात एक बयान में कहा कि मोरक्को में पाकिस्तानी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।

See also  जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी,पत्नी, रिटार्यड टाटा कर्मी ने गर्भवती बेटी,बेटे और पत्नी को मौत के घाट उतारा

इसने कहा, ‘‘रबात (मोरक्को) में हमारे दूतावास ने हमें सूचित किया है कि मॉरिटानिया से जा रहे कई पाकिस्तानी नागरिकों सहित 80 यात्रियों को ले जा रही एक नौका मोरक्को के दखला बंदरगाह के पास पलट गई। पाकिस्तानियों सहित कई जीवित बचे लोगों को दखला के पास एक शिविर में रखा गया है।’’

विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए दूतावास से एक टीम दखला भेजी गई है तथा इसके साथ ही विदेश मंत्रालय में संकट प्रबंधन इकाई को सक्रिय कर दिया गया है।

विदेश मंत्री इसहाक डार ने संबंधित सरकारी एजेंसियों को प्रभावित पाकिस्तानियों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने एक बयान में मानव तस्करी को रोकने के लिए दूरगामी और प्रभावी कदम उठाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अधिकारियों से घटना पर रिपोर्ट मांगी और कहा कि मानव तस्करी के घृणित कार्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

See also  एक करोड़ के ईनामी नक्सली प्रशांत बोस का शव लेने कोई नहीं आया, पत्नी ने पत्र लिखकर कहा-कोई परिजन नहीं है

मानव तस्करों की मदद से खतरनाक भूमि और समुद्री मार्गों से यूरोप में प्रवेश करने का प्रयास करते समय हर साल सैकड़ों पाकिस्तानी प्रवासी मारे जाते हैं।

पिछले साल दिसंबर में यूनान के गावडोस द्वीप के पास 200 से अधिक अवैध प्रवासियों को ले जा रही एक नौका के डूबने से पांच पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई थी और 35 अन्य को मृत माना गया था। 2023 में इसी क्षेत्र में इसी तरह की घटना में 262 पाकिस्तानी नागरिकों मौत हो गई थी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now